असम और त्रिपुरा में तड़के कांपी धरती, असम में 5.1 तीव्रता का भूकंप, लोगों में दहशत

भारत समेत पूरी दुनिया में हाल के दिनों में भूकंप की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी कड़ी में सोमवार तड़के पूर्वोत्तर भारत के दो राज्यों असम और त्रिपुरा में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, असम में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई। यह भूकंप सुबह तड़के आया, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
वहीं, त्रिपुरा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.9 दर्ज की गई। हालांकि त्रिपुरा में झटके अपेक्षाकृत हल्के थे, लेकिन लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। भूकंप के तुरंत बाद प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर आ गए। राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन द्वारा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पूर्वोत्तर भारत भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र में आता है, जहां समय-समय पर भूकंप आना सामान्य है। हालांकि, हाल के महीनों में लगातार आ रही भूकंपीय गतिविधियां चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें और आपदा प्रबंधन से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *