गेंद लगी तो यूजी निशिदा ने दिल जीत लिया, माफी का ये अंदाज़ बना इंसानियत की मिसाल

Advertisement

खेल के मैदान पर अक्सर तेज़ रफ्तार और प्रतिस्पर्धा देखने को मिलती है, लेकिन कभी-कभी वहीं से इंसानियत की ऐसी तस्वीर सामने आती है जो लोगों का दिल छू लेती है। इन दिनों जापानी वॉलीबॉल खिलाड़ी यूजी निशिदा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उनका खेल से ज़्यादा उनका व्यवहार चर्चा में है।दरअसल, एक वॉलीबॉल मैच के दौरान यूजी निशिदा द्वारा मारी गई गेंद अचानक कोर्ट के किनारे खड़ी एक लड़की को जा लगती है। बताया जा रहा है कि वह लड़की बॉल गर्ल हो सकती है, जो मैच के दौरान गेंदें इकट्ठा करने का काम करती हैं। जैसे ही यह घटना होती है, यूजी बिना एक पल गंवाए दौड़ते हुए उस लड़की के पास पहुंचते हैं और पेट के बल फिसलते हुए उसके पैरों तक जाते हैं। इसके बाद वह जापानी परंपरा के अनुसार सिर झुकाकर बेहद नम्रता और सम्मान के साथ माफी मांगते हैं। जवाब में लड़की भी सिर झुकाकर उनकी माफी स्वीकार करती है।यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। X (पूर्व में ट्विटर) पर @Jimmyy__02 नाम के अकाउंट से पोस्ट किए गए इस वीडियो के साथ लिखा गया कि गलती होने के बाद यूजी निशिदा ने जिस ईमानदारी और सादगी से माफी मांगी, उसे लोग अब तक की सबसे सच्ची और दिल से की गई माफी बता रहे हैं।वीडियो को अब तक एक लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और कमेंट सेक्शन में लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। किसी ने लिखा कि गलती हर किसी से होती है, फर्क सिर्फ इतना है कि कौन उसे स्वीकार करता है। तो किसी ने कहा कि यही एक सच्चे खिलाड़ी की पहचान है—खेल में भी और इंसानियत में भी। कई यूजर्स ने जापानी संस्कृति के शिष्टाचार की तारीफ करते हुए इसे पूरी दुनिया के लिए एक उदाहरण बताया।इस छोटे से लम्हे ने साबित कर दिया कि मैदान पर जीत-हार से कहीं ज्यादा मायने इंसान के व्यवहार के होते हैं। यूजी निशिदा का यह अंदाज़ न सिर्फ एक खिलाड़ी की विनम्रता दिखाता है, बल्कि यह भी सिखाता है कि सम्मान और संवेदनशीलता किसी भी खेल से बड़ी होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group