
फरीदाबाद (हरियाणा)।
हरियाणा के फरीदाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां देर रात सहेली के घर जाने के लिए निकली एक युवती के साथ चलती कार में दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि दो युवकों ने लिफ्ट देने के बहाने युवती को फरीदाबाद–गुरुग्राम रोड पर अपनी कार में बैठाया और वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार, कार में बैठते ही युवकों की नीयत बदल गई। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और वारदात के बाद युवती को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जांच व छापेमारी अभियान शुरू कर दिया गया है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
