ग्रीस में वैज्ञानिकों को एक ऐसी खोज मिली है, जिसने पुरातत्व जगत को चौंका दिया है। यहां एक झील के किनारे से लकड़ी से बने दो प्राचीन औजार मिले हैं, जिन्हें अब तक खोजे गए सबसे पुराने लकड़ी के औजारों में से एक माना जा रहा है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ये औजार करीब 4 लाख 30 हजार साल पुराने हो सकते हैं।
यह खोज ग्रीस के मेगालोपोलिस बेसिन क्षेत्र में हुई है। शोधकर्ताओं के अनुसार, अब तक प्राचीन मानव द्वारा इस्तेमाल किए गए पत्थर और हड्डी के औजार तो बड़ी संख्या में मिलते रहे हैं, लेकिन लकड़ी के औजार मिलना बेहद दुर्लभ है, क्योंकि लकड़ी समय के साथ जल्दी सड़ जाती है। ऐसे औजार केवल खास परिस्थितियों, जैसे बर्फ, गुफाओं या पानी के भीतर नम वातावरण में ही सुरक्षित रह पाते हैं।
वैज्ञानिकों के मुताबिक, मिले औजारों में एक पतली लकड़ी की छड़ी है, जिसकी लंबाई करीब 80 सेंटीमीटर (ढाई फीट) है। माना जा रहा है कि इसका उपयोग कीचड़ या मिट्टी खोदने के लिए किया जाता होगा। दूसरा औजार विलो या चिनार की लकड़ी का छोटा टुकड़ा है, जिसे हाथ में पकड़कर पत्थर के औजारों को आकार देने के काम में लिया जाता रहा होगा।
हालांकि घटनास्थल पर अभी तक किसी मानव के अवशेष नहीं मिले हैं, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि इन औजारों का उपयोग किसने किया था। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि ये औजार संभवतः निएंडरथल मानव द्वारा इस्तेमाल किए गए होंगे, जिन्हें आधुनिक इंसानों के प्रारंभिक पूर्वजों में गिना जाता है।
यह शोध जर्नल प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज में प्रकाशित हुआ है। शोधकर्ताओं का मानना है कि जिस स्थान पर ये औजार मिले हैं, वह क्षेत्र लगभग 430,000 साल पुराना है और संभव है कि वहां अभी भी कई महत्वपूर्ण अवशेष दबे हों।
इस खोज ने प्राचीन मानव के जीवन और उनके औजारों के इस्तेमाल को लेकर नई संभावनाएं खोल दी हैं, जिससे इतिहास के कई अनसुलझे सवालों के जवाब मिल सकते हैं।
ग्रीस में मिला 4 लाख साल पुराना ‘लकड़ी का खजाना’, वैज्ञानिक भी हुए हैरान
