बिहार में फरवरी का महीना होने के बावजूद ठंड का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम के समय सर्द पछुआ हवा चलने से लोगों को कनकनी का अहसास हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले तीन दिनों तक ठंडी हवाओं का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है, जिससे न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखी जा सकती है। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से दोपहर के समय लोगों को कुछ राहत जरूर मिलेगी।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। रात और सुबह ठंड का असर ज्यादा रहेगा, जबकि दिन में तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर जा सकता है। खासकर खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन अधिक महसूस की जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक ठंड अब धीरे-धीरे विदा लेने की ओर है, लेकिन पूरी तरह खत्म होने में अभी कुछ समय लगेगा। आने वाले दिनों में तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, इसलिए लोगों को सुबह-शाम एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
फरवरी में भी बरकरार ठंड का असर, बिहार में तीन दिनों तक सर्द पछुआ हवा से बढ़ेगी कनकनी
