पटना।बिहार सरकार ने राज्य में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 15 हवाई अड्डों के विकास का एक मेगा प्लान तैयार किया है, जिससे छोटे शहरों को भी हवाई नेटवर्क से जोड़ा जा सकेगा। इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) से फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कराई जा रही है।सरकारी सूत्रों के अनुसार, छोटे और दूर-दराज के शहरों में 19-सीटर विमानों के संचालन की योजना बनाई गई है, ताकि कम यात्री क्षमता वाले रूट्स पर भी हवाई सेवाएं शुरू की जा सकें। इससे क्षेत्रीय संपर्क बढ़ेगा और यात्रा का समय काफी कम होगा।योजना के तहत दरभंगा एयरपोर्ट को राज्य का प्रमुख लॉजिस्टिक और कार्गो हब के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। इससे न केवल उत्तर बिहार बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों को भी व्यापारिक लाभ मिलेगा। कृषि उत्पादों, औद्योगिक सामान और ई-कॉमर्स कार्गो के परिवहन को नई गति मिलने की उम्मीद है।इसके अलावा नए हवाई अड्डों के निर्माण, मौजूदा एयरपोर्ट्स के विस्तार और सुरक्षा सर्वेक्षण के जरिए उड़ान संचालन को और सुरक्षित व प्रभावी बनाया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस योजना से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।बिहार सरकार के इस कदम को राज्य के आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
