बरकट्ठा (हजारीबाग)।हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ब्राउन शुगर तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 7.75 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की गई है।पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को 6 फरवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि बरकट्ठा थाना क्षेत्र के ग्राम कपका में एक युवक स्कूटी से घूम-घूमकर आसपास के युवकों को ब्राउन शुगर की बिक्री करता है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक (परिक्ष्यमान) प्रशांत कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल ग्राम कपका स्थित अहरवा तालाब के पास पहुंचा, जहां एक युवक पुलिस को देखकर स्कूटी छोड़कर भागने लगा। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.75 ग्राम ब्राउन शुगर और एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन बरामद हुई।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ईचाक से ब्राउन शुगर खरीदकर कपका, बरकट्ठा और आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करता था। गिरफ्तार युवक की पहचान छोटी कुमार (22 वर्ष), पिता–पाचु महतो, निवासी ग्राम कपका, थाना बरकट्ठा के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बरकट्ठा थाना कांड संख्या 24/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी) और 29 में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
बरकट्ठा में ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार, 7.75 ग्राम मादक पदार्थ बरामद
