रांची जिले के सोनाहातू थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां 25 वर्षीय युवक हरिहर महतो का शव कांची नदी के किनारे बरामद किया गया। पुलिस ने रविवार को नदी किनारे से शव के अलग-अलग हिस्से बरामद किए, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।पुलिस के अनुसार, शव एडरमहातु–मार्चाडीह गांव के सामने नदी किनारे पड़ा मिला। मृतक की पहचान हरिहर महतो के रूप में हुई है, जो पिछले कई दिनों से लापता था। परिजनों ने बताया कि उसका गांव की एक महिला के साथ प्रेम संबंध था और आरोप है कि उसी महिला ने उसे मिलने के लिए बुलाया था। 31 जनवरी की शाम वह घर से निकला, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।लगातार तीन दिनों तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने 3 फरवरी को सोनाहातू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की और खोजबीन तेज कर दी। इसी दौरान रविवार को नदी किनारे से उसका शव बरामद हुआ।बताया जा रहा है कि हरिहर महतो की शादी दो वर्ष पहले हुई थी और उसका एक माह का बेटा भी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।सोनाहातू थाना प्रभारी प्रेम प्रदीप ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस ने इस मामले में संदेह के आधार पर एक दंपती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का दावा किया है।
