हजारीबाग के मंगल बाजार निवासी एवं हिन्दू प्रचारक अजय कुमार दास ने अपने फेसबुक पेज पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद साइबर अपराध थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार वह सोशल मीडिया पर “ajay das” नाम से फेसबुक प्रोफाइल और “ajay das सनातनी” नाम से फेसबुक पेज स्वयं संचालित करते हैं।अजय कुमार दास ने अपने आवेदन में बताया कि 06 फरवरी की रात्रि उनके फेसबुक पेज ajay das सनातनी पर “pappu yadav bap ji” नामक आईडी से आपत्तिजनक व धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में हजारीबाग निवासी रामनवमी महासमिति के पूर्व अध्यक्ष दिवंगत मनजीत यादव की हत्या का हवाला देते हुए उसी तरह का अंजाम देने की धमकी दी गई।पीड़ित ने यह भी बताया कि उन्हें इससे पूर्व भी फोन के माध्यम से धमकियां मिलती रही हैं, जिसकी शिकायत उन्होंने सदर थाना तथा पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को आवेदन देकर की थी और सुरक्षा की मांग की थी।अजय कुमार दास ने साइबर थाना प्रभारी से आवेदन को गंभीरता से लेने तथा उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियों से उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
