चरही। चुरचू प्रखंड अंतर्गत बहेरा पंचायत के कजरी स्थित भुरकुंड टोला में शुक्रवार शाम करीब 8:45 बजे जंगली हाथियों के झुंड ने हमला कर दिया। हाथियों ने गांव में घुसकर एक घर को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे अंदर सो रही महिला की दर्दनाक मौत हो गई।मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड राजेश मुर्मु के घर तक पहुंच गया और दीवार तोड़ दी। उस समय घर के भीतर फुलमुनी देवी सो रही थीं। अचानक हुए हमले में हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पति किसी तरह घर फांदकर बाहर निकलने में सफल रहे और अपनी जान बचाई।घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की और तत्काल वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।वन विभाग द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से जंगल की ओर खदेड़ने तथा प्रभावित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।
