रामगढ़ नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 के मद्देनजर गुरुवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगरपालिका सह उपायुक्त रामगढ़ फैज अक अहमद मुमताज ने रामगढ़ महाविद्यालय, रामगढ़ का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नगर पालिका आम निर्वाचन 2026 को लेकर रामगढ़ महाविद्यालय में प्रस्तावित डिस्पैच सेंटर, स्ट्रांग रूम (बज्रगृह) एवं मतगणना केंद्र का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की तथा कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता, भवन प्रमंडल रामगढ़ के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने महाविद्यालय परिसर में पेयजल, शौचालय, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्यों को योजनाबद्ध ढंग से समयबद्ध रूप में पूर्ण करने तथा निर्वाचन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी नगर पालिका सह उपायुक्त ने रामगढ़ महाविद्यालय का निरीक्षण किया
