दनुआ घाटी में भीषण हादसा, एक की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल…. दीपक गुप्ता चौपारण(हजारीबाग):झारखंड–बिहार सीमा पर NH-19 (जीटी रोड) के 16 किमी लंबे दनुआ घाटी में बुधवार दोपहर को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। धनबाद से गया लौट रही कार की ट्रेलर और ट्रैक्टर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। घायलों को हजारीबाग और गया के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोग लंबे समय से इस हिस्से को “मौत की घाटी” कहते रहे हैं। ताज़ा हादसे के बाद सड़क सुरक्षा उपायों को लेकर जनता में आक्रोश देखा जा रहा है। नागरिकों का आरोप है कि तीखे मोड़, गहरी खाइयों और कोहरे के बावजूद पर्याप्त क्रैश बैरियर व चेतावनी संकेतों की कमी बनी हुई है। कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “दानुआ घाटी में लगातार हो रही मौतें बेहद चिंताजनक हैं। केवल निरीक्षण, घोषणाएं और फोटो सेशन से दुर्घटनाएं नहीं रुकेंगी। NHAI को तत्काल उच्च-गुणवत्ता क्रैश बैरियर, स्पीड कैमरा और 24×7 ट्रैफिक पेट्रोलिंग लागू करनी चाहिए। आम आदमी की जान की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और पीड़ित परिवारों को पर्याप्त मुआवजा मिलना चाहिए।”लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बीच दानुआ घाटी में ठोस और समयबद्ध सुरक्षा उपायों की मांग तेज हो गई है। जनता का कहना है— अब आश्वासन नहीं, समाधान चाहिए।
दनुआ घाटी में भीषण हादसा, एक की मौत; सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
