राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का भव्य एवं गरिमामय समापन, सांस्कृतिक छटा से आलोकित हुआ इटखोरीचतरा : 19 से 21 फरवरी तक आयोजित राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का सफल, शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण समापन हुआ। तीन दिवसीय इस आयोजन में हजारों दर्शकों की सहभागिता, राष्ट्रीय स्तर के ख्यातिप्राप्त कलाकारों की उपस्थिति तथा सुदृढ़ प्रशासनिक व्यवस्थाओं ने महोत्सव को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। महोत्सव का शुभारंभ 19 फरवरी को दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन अवसर पर झारखंड सरकार के मंत्री राधा कृष्ण किशोर एवं मंत्री योगेंद्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। साथ ही सांसद कालीचरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान एवं विधायक उज्ज्वल कुमार दास सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर इटखोरी की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक विरासत पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन तथा मां भद्रकाली मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। तीनों दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग श्रृंखला ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध रखा। प्रथम दिवस पर शंख एवं डमरू वादन तथा मुहाने नदी तट पर वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती विशेष आकर्षण रहे। मानभूम छऊ, झुमर, यक्षगान, पाईका नृत्य, बैंड प्रस्तुतियाँ एवं आकर्षक ड्रोन शो ने आयोजन में आधुनिकता और परंपरा का सुंदर समन्वय प्रस्तुत किया। द्वितीय दिवस पर सुप्रसिद्ध गायक कैलाश खेर ने अपने कैलासा ग्रुप के साथ प्रस्तुति देकर समां बांधा। उनकी सूफियाना गायकी पर दर्शक भावविभोर होकर झूम उठे। समापन दिवस पर भरतनाट्यम, मुण्डारी एवं गोण्ड नृत्य सहित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को जीवंत बनाए रखा। भोजपुरी गायिका कल्पना पटवारी की प्रस्तुति ने महोत्सव को यादगार समापन दिया। विशेष थीम आधारित फैशन शो में हिंदू, बौद्ध एवं जैन परंपराओं का प्रतीकात्मक प्रदर्शन कर “विविधता में एकता” का संदेश दिया गया। वहीं एडवेंचर स्पोर्ट्स फेस्ट के अंतर्गत वाटर एक्टिविटीज ने युवाओं को आकर्षित किया।रात्रि में भव्य आतिशबाजी के साथ महोत्सव का समापन हुआ। उपायुक्त कीर्तिश्री ने सभी कलाकारों को मोमेंटो एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। यह आयोजन सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी सिद्ध हुआ।
राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का भव्य एवं गरिमामय समापन, सांस्कृतिक छटा से आलोकित हुआ
