चतरा जिला में एयर एम्बुलेंस हादसा: रांची से दिल्ली जा रही फ्लाइट क्रैश, 7 की मौत

Advertisement

चतरा जिला के सिमरिया प्रखंड स्थित कासीयातु गांव के घने जंगल में हुए एयर एम्बुलेंस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। रांची से दिल्ली जा रही इस एयर एम्बुलेंस के दुर्घटनाग्रस्त होने से मरीज सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया और उपायुक्त कृतिश्री जी सहित कई वरीय अधिकारी रातभर घटनास्थल पर डटे रहे। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर मलबे से सभी सात यात्रियों के शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया गया।घटनास्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में रखा गया है।

चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त विमान के मलबे को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में ले लिया है और किसी भी आम व्यक्ति को पास जाने की अनुमति नहीं है।उन्होंने जानकारी दी कि हादसे की तकनीकी जांच के लिए दिल्ली से विशेष टीम पहुंचने वाली है, जो ब्लैक बॉक्स सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच करेगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे मलबे के साथ किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें और जांच में सहयोग करें।फिलहाल पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार चतरा में इस तरह का विमान हादसा पहली बार हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group