बिगहा बाजार में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला समेत दो छात्र घायल चौपारण

Advertisement

(हजारीबाग): प्रखंड के बिगहा बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक महिला समेत दो छात्र घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार सोनू कुमार और अजित कुमार प्रोजेक्ट +2 उच्च विद्यालय, रामपुर के कक्षा 11वीं के छात्र हैं। दोनों छात्र केबीएसएस +2 उच्च विद्यालय, चौपारण स्थित परीक्षा केंद्र से 11वीं की परीक्षा देकर इटखोरी की ओर से चौपारण लौट रहे थे। इसी दौरान चौपारण की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। बताया जाता है कि दूसरी बाइक पर एक महिला और एक पुरुष सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में महिला मीना देवी (पति अशोक सिंह, निवासी खरहहुंवा) समेत दोनों छात्र घायल हो गए। घटना के समय हनुमान मंदिर में पूजा कर रहे स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क से उठाकर प्राथमिक सहायता दी। इसी दौरान एक स्थानीय स्कॉर्पियो चालक ने मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को अपनी गाड़ी से सामुदायिक अस्पताल, चौपारण पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा बिना हेलमेट बाइक चलाने और तेज रफ्तार को लेकर लोगों ने चिंता जताई है। स्थानीय लोगों ने अभिभावकों और प्रशासन से इस मामले में सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Saahu Rohit

रोहित साहू, पत्रकारिता से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं और अभी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। हजारीबाग के बड़कागांव इलाके के रहने वाले हैं। पिछले 6 महीनों से जिले भर की खबरों को संकलित कर रहे हैं साथ ही साथ कॉपी एडिटर के कार्य भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group