पिपरा मे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

Advertisement

(हजारीबाग): चौपारण प्रखंड के जीटी रोड स्थित पिपरा कट के समीप शनिवार की रात करीब 9 बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतकों की पहचान अजय कुमार (पिता बालदेव ठाकुर), ग्राम महुदी बारा, चौपारण तथा दिक्षीत कुमार (पिता रविन्द्र सिंह), ग्राम सिद्धार्थपुरी बस्ती, मार्ग संख्या-2, बुनियादगंज, मानपुर, गया (बिहार) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार बरही स्थित इंडसलैंड कंपनी में कार्यरत थे और शनिवार रात ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पिपरा कट के पास गया की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की टक्कर बेहद तेज थी, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद दिक्षीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अजय कुमार को आनन-फानन में इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को आपदा मित्र एंबुलेंस की सहायता से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद गमगीन माहौल में शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दुखद हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group