ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पति ने कार की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी और चार माह की मासूम बच्ची पर तेजाब फेंक दिया। इस हमले में पत्नी और बच्ची गंभीर रूप से झुलस गईं, जबकि बहू को बचाने पहुंचे ससुर भी तेजाब की चपेट में आकर घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, आरोपी पति लंबे समय से पत्नी के मायके वालों से कार की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर वह अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना के दिन भी वह नशे की हालत में घर पहुंचा और इसी बात को लेकर पत्नी से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने गुस्से में आकर तेजाब फेंक दिया।उस समय महिला अपनी चार माह की बच्ची को गोद में लेकर बैठी हुई थी, जिसके कारण मासूम भी इस हमले की शिकार हो गई और बुरी तरह झुलस गई। शोर सुनकर महिला के ससुर बचाने के लिए पहुंचे, लेकिन वे भी तेजाब की चपेट में आ गए।घटना के बाद परिवार के लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है।
कार की मांग पूरी न होने पर पति की हैवानियत, पत्नी और 4 माह की बच्ची पर फेंका तेजाब
