सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग ,हजारीबाग में गुरुवार को विक्रम नव संवत्सर 2083 (हिंदू नव वर्ष) एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की जयंती हर्षोल्लास व भव्यता के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पथ संचलन से हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इसमें विद्यालय के भैया-बहनों का घोष दल, आकर्षक झांकियां एवं आचार्यगण शामिल रहे। पथ संचलन के माध्यम से समाज में हिंदू नव वर्ष के सांस्कृतिक व आध्यात्मिक महत्व का संदेश दिया गया।विद्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधन समिति के माननीय सचिव ज्ञानचंद प्रसाद मेहता एवं प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर, भारत माता पूजन एवं डॉ. हेडगेवार के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया। वंदना के उपरांत वरिष्ठ आचार्य मनोज कुमार पांडेय ने अतिथियों का परिचय कराया।इस अवसर पर बहनों ने देशभक्ति व सांस्कृतिक गीत-नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को उल्लासमय बना दिया। सचिव ज्ञानचंद प्रसाद मेहता ने अपने संबोधन में विक्रम संवत्सर 2083 के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए इसके ऐतिहासिक व आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इसी दिन सृष्टि की रचना, भगवान श्रीराम व धर्मराज युधिष्ठिर का राज्याभिषेक, सम्राट विक्रमादित्य द्वारा विक्रम संवत्सर की स्थापना, चैत्र नवरात्र का प्रारंभ तथा स्वामी दयानंद सरस्वती का प्राकट्य जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग जुड़े हैं। साथ ही यह दिन संत झूलेलाल एवं डॉ. हेडगेवार की जयंती के रूप में भी विशेष महत्व रखता है।प्रधानाचार्य संजीव कुमार झा ने कहा कि इस पावन तिथि पर युधिष्ठिर ने राजगद्दी संभाली थी। उन्होंने डॉ. हेडगेवार के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने हिंदू समाज को संगठित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना की, जिसके माध्यम से देशभक्ति व संगठन की भावना का व्यापक प्रसार हुआ।कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ। अंत में सभी भैया – बहनों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्य-बंधु एवं भगिनी का सराहनीय योगदान रहा।
हिंदू नववर्ष 2083 व डॉ. हेडगेवार जयंती हर्षोल्लास पूर्वक संपन्न
Advertisement
Amarnath Pathak
अमरनाथ पाठक एक समर्पित समाचार लेखक (News Writer) हैं, जिन्हें ताज़ा खबरों और महत्वपूर्ण घटनाओं को सरल और सटीक तरीके से प्रस्तुत करने का अनुभव है। वे देश-विदेश की खबरों, सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर नियमित रूप से लेख लिखते हैं। अमरनाथ का लक्ष्य पाठकों तक सही, निष्पक्ष और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाना है। वे हमेशा ऐसी खबरें लिखने पर ध्यान देते हैं जो लोगों के लिए उपयोगी और जागरूकता बढ़ाने वाली हों। समाचार लेखन के क्षेत्र में उनकी रुचि और मेहनत उन्हें एक भरोसेमंद कंटेंट क्रिएटर बनाती है।
