कटकमसांडी में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, आरोपी फरार

हजारीबाग जिले के कटकमसांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत आराभुसई आदिवासी टोला के जंगल में अवैध रूप से नकली विदेशी शराब के निर्माण का खुलासा हुआ है। पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक के द्वारा किया गया, जिसमें थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।छापामारी के दौरान जंगल के भीतर एक अस्थायी झोपड़ी में नकली विदेशी शराब बनाने का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। पुलिस को देखकर तस्कर मौके से फरार हो गए, हालांकि स्थानीय चौकीदार के माध्यम से उनकी पहचान की गई है। झोपड़ी की तलाशी में सैकड़ों खाली बोतलें, विभिन्न नामी कंपनियों जैसे IMPERIAL BLUE, ICONIC WHITE और MCDOWELLS के नकली लेबल, ढक्कन, स्टीकर, बारकोड, तथा बड़ी मात्रा में शराब भरने की सामग्री बरामद हुई।इसके अलावा एक 10 लीटर का प्लास्टिक जार भी मिला, जिसमें स्प्रिट जैसी गंध वाला नशीला तरल पदार्थ पाया गया। इस संबंध में कटकमसांडी थाना कांड संख्या 21/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान तेज कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *