रामनवमी, ईद और सरहुल को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे पर रहेगी पूरी तरह पाबंदी

Advertisement

हजारीबाग में आगामी रामनवमी, ईद-उल-फितर और सरहुल पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ पर्व-त्योहार के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में रामनवमी के अवसर पर निकलने वाले मंगला जुलूस के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को जुलूस से पहले अखाड़ाधारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश देने को कहा। साथ ही शहर की सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई और आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर निगम को सड़क किनारे पड़े निर्माण सामग्री और कूड़ा-कचरा हटाने, झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने और सूखे पेड़ों की छंटाई करने का भी निर्देश दिया गया।प्रशासन ने रामनवमी को परंपरागत और भव्य तरीके से मनाने की अपील की है। जुलूस के सुगम संचालन के लिए जुलूस मार्गों के दोनों ओर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।सुरक्षा के दृष्टिकोण से जुलूस मार्गों की निगरानी ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। पुलिस प्रशासन द्वारा घरों की छतों पर रखी ईंट, पत्थर या अन्य संभावित खतरनाक वस्तुओं की भी निगरानी की जाएगी, ताकि उन्हें समय रहते हटाया जा सके। ग्रामीण क्षेत्रों में निकलने वाले जुलूसों पर भी विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है।बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए किसी भी त्योहार में डीजे के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया गया। इसके अलावा अवैध मादक पदार्थों और नशीले पदार्थों के खिलाफ नियमित छापेमारी अभियान चलाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने जुलूस के दौरान शराब के प्रयोग पर रोक सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुप के एडमिन से समन्वय बनाकर अफवाहों पर नजर रखी जाएगी।सरहुल पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा मंगला जुलूस के समय संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।बैठक में एसडीपीओ अमित आनंद, सदर एसडीओ आदित्य पांडेय, नगर आयुक्त ओमप्रकाश गुप्ता, अपर समाहर्ता संतोष कुमार, प्रशिक्षु आईएएस आनंद शर्मा, प्रशिक्षु आईपीएस सहित कई वरीय पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, थाना प्रभारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

Saahu Rohit

रोहित साहू, पत्रकारिता से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं और अभी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। हजारीबाग के बड़कागांव इलाके के रहने वाले हैं। पिछले 6 महीनों से जिले भर की खबरों को संकलित कर रहे हैं साथ ही साथ कॉपी एडिटर के कार्य भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group