चौपारण : प्रखंड के बिगहा क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की एक और घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मुंबई में व्यवसाय करने वाले स्थानीय युवक पिंटू यादव के साथ उनके घर के समीप झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली गई। घटना दिनदहाड़े हुई, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिंटू यादव अपने घर के बाहर खड़े होकर मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधी अचानक वहां पहुंचे। बदमाशों ने बिना किसी चेतावनी के उनके गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को प्रतिक्रिया देने का अवसर तक नहीं मिला। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के क्षेत्रों में अपराधियों की तलाश तेज कर दी गई है। बताया जा रहा है कि घटना की तस्वीर पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस पहचान की कोशिश कर रही है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में इस प्रकार की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बिगहा में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, अपाचे सवार बदमाश फरार
Advertisement
Saahu Rohit
रोहित साहू, पत्रकारिता से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं और अभी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। हजारीबाग के बड़कागांव इलाके के रहने वाले हैं। पिछले 6 महीनों से जिले भर की खबरों को संकलित कर रहे हैं साथ ही साथ कॉपी एडिटर के कार्य भी कर रहे हैं।
