छड़वा क्रिकेट मैदान के पास संदिग्धावस्था में युवक इमरान खान उर्फ सोनू का मिला शव, हत्या के आरोप में फूटा जनाक्रोश, सड़क जाम
परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप, शव रखकर इन्द्रपुरी चौक किया जाम; मोबाइल, लॉटरी टिकट और बाइक समेत कई सुराग पुलिस के हाथ लगे

हजारीबाग जिले के रोमी पंचायत अंतर्गत छड़वा क्रिकेट मैदान के समीप रविवार सुबह इमरान खान उर्फ सोनू का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फ्रेंड्स कॉलोनी, पेलावल निवासी इमरान खान के रूप में हुई। घटनास्थल से मोबाइल फोन, लॉटरी टिकट, चप्पल, चाबी और एक लाल रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद हुई है, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। घटना से आक्रोशित परिजनों ने इन्द्रपुरी चौक पर शव रखकर जाम लगा दिया और आरोप लगाया कि इमरान की हत्या उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने कर शव को वहां फेंका है। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है तथा पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।


