झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से जुड़ी एक दुखद घटना सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनके पोते और बाबूलाल सोरेन के बेटे वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है।बताया जा रहा है कि वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए कुल्लू गए हुए थे। बर्फबारी के दौरान उन्होंने स्केटिंग की, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्वस्थ महसूस होने पर वे होटल लौट आए, लेकिन कुछ समय बाद उनकी हालत और गंभीर हो गई।दोस्तों ने स्थिति बिगड़ती देख उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार और परिचितों में गहरा शोक व्याप्त है।घटना की सूचना मिलते ही चंपाई सोरेन समेत उनके तीनों बेटे तुरंत दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। परिजन लगातार हिमाचल प्रदेश प्रशासन से संपर्क कर मामले की जानकारी ले रहे हैं और पूरी घटना के कारणों को जानने का प्रयास जारी है।फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
चंपाई सोरेन के पोते की संदिग्ध मौत: कुल्लू में हादसे से परिवार में शोक
