हजारीबाग जिले के बड़ा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत हुरूहुरू मोहल्ले में बुधवार सुबह एक सुनसान पड़े कुएं से युवक का शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।स्थानीय निवासियों ने कुएं में शव दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बड़ा बाजार थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान हुरूहुरू निवासी लालू यादव के रूप में हुई है।घटना के बाद परिजनों ने साजिशन हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड को भी जांच में लगाया, जिसने आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं से जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।फिलहाल पूरे हुरूहुरू क्षेत्र में शोक और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
हजारीबाग के हुरूहुरू में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका पर जांच तेज
