रामगढ़। जिले के पतरातू थाना क्षेत्र स्थित सरिया टोला में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने दो कारोबारियों के घरों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी। बदमाशों ने कोयला व्यवसायी गजानंद प्रसाद के आवास के समीप 8 से 9 राउंड गोलियां चलाईं। इसके बाद सेल संचालक नीतीश कुमार के घर को भी निशाना बनाते हुए करीब 9 राउंड फायरिंग की। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन इलाके में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार अपराधी सियाल सौंदा बस्ती की ओर से आए थे। उन्होंने पहले दोनों कारोबारियों के घरों के पास ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और फिर भागने के दौरान सौंदा बस्ती के मुख्य चौक और एक दुकान के पास भी फायरिंग की। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ गौरव गोस्वामी, पतरातू थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार और सशस्त्र बल की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोखे बरामद किए हैं। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।पुलिस इस घटना को सुनियोजित हमला मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। क्षेत्र में पहले भी इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं और राहुल दुबे तथा अमन साहू गिरोह के सक्रिय होने की चर्चा रही है। प्रारंभिक जांच में कोयला कारोबार से जुड़े रंगदारी के एंगल पर भी पड़ताल की जा रही है, क्योंकि इलाके में पूर्व में रंगदारी मांगने की घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
