बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप लूट, 25–30 लाख के जेवर लेकर फरार हुए अपराधी, फायरिंग में एक व्यक्ति घायल

Advertisement

बड़कागांव (हजारीबाग)।हजारीबाग जिले के बड़कागांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ज्वेलरी लूट और फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बड़कागांव डेली मार्केट के समीप स्थित एक सोने-चांदी की दुकान को निशाना बनाते हुए अपराधियों ने करीब 25 से 30 लाख रुपये मूल्य के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसरिया मोहल्ला निवासी जेवर दुकानदार प्रभु सोनी की दुकान पर तीन अज्ञात अपराधी ग्राहक बनकर पहुंचे थे। मौका पाकर अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान से भारी मात्रा में जेवरात लूट लिए। भागने के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के इरादे से 4 से 5 राउंड गोली चलाई, जिसमें सुधीर सोनी नामक व्यक्ति के हाथ में गोली लग गई।घटना के बाद बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल सुधीर सोनी को तत्काल बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल की स्थिति खतरे से बाहर है।बताया जाता है कि अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर फरार हुए। सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी व मानवीय खुफिया तंत्र का सहारा लिया जा रहा है।दिनदहाड़े हुई इस वारदात से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कमजोर होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group