चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुर्तिया में वन विभाग और चौपारण पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दिनांक 3 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया गया, जिसमें दुर्गम और जंगलनुमा इलाकों में फैली लगभग 10 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।कार्रवाई के दौरान संबंधित क्षेत्रों में सघन तलाशी ली गई, जहां से चार डिलीवरी पाइप बरामद किए गए। इन सभी सामग्रियों को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, अवैध अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों की पहचान और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस संयुक्त अभियान में बरही एसडीपीओ अजित कुमार बिमल, बरही अंचल के पु0नि0 चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित कई पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल के जवान और वन विभाग के कर्मी शामिल रहे। अभियान को सफल बनाने में बनपाल कुलदीप कुमार की भी अहम भूमिका रही।प्रशासन ने बताया कि दुर्गम इलाकों में अवैध खेती को चिन्हित करने के लिए ड्रोन तकनीक का सहारा लिया जा रहा है, जिससे कार्रवाई और अधिक प्रभावी हो रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
YOUTUBE LINK:- https://youtube.com/shorts/gqhUS0Ow860?si=ts0smRHVgmuEJZP-
