हजारीबाग: होली एवं रामनवमी पर्व को देखते हुए उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को बड़ी कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त उत्पाद के मार्गदर्शन में 28 फरवरी 2026 को गोरहर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर में गुप्त सूचना के आधार पर सघन छापेमारी की गई।छापेमारी के दौरान सहदेव मांझी पिता किशुन मांझी के घर से अवैध विदेशी शराब निर्माण की एक मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया। टीम ने मौके से विभिन्न ब्रांडों की कुल 108 लीटर तैयार अवैध विदेशी शराब बरामद की। इसके अलावा लगभग 200 लीटर तैयार रंगीन शराब, 5 लीटर कैरामेल, विभिन्न ब्रांडों के खाली बोतल, लेबल, ढक्कन, आसंजक, कार्टन, शराब तैयार करने के बर्तन एवं ड्राम भी जब्त किए गए।उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर सभी सामग्रियों को जब्त करते हुए अवैध कारोबार में संलिप्त अभियुक्तों की पहचान कर ली है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व-त्योहार के दौरान अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हजारीबाग में अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़..108 लीटर विदेशी शराब बरामद
