वैलेंटाइन डे का नाम आते ही जहां एक ओर प्यार, रोमांस और तोहफों की चर्चा होती है, वहीं दूसरी ओर टूटे दिल वाले लोगों के लिए यह दिन कई बार मुश्किल भरा साबित होता है। ऐसे ही लोगों के लिए पोलैंड के एक चिड़ियाघर ने वैलेंटाइन डे को मज़ेदार और अलग अंदाज़ में मनाने का अनोखा तरीका निकाला है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।दरअसल, पोलैंड के ओरिएंटेरियम ज़ू ने लोगों को यह मौका दिया है कि वे अपने एक्स पार्टनर के नाम पर एक कॉकरोच गोद लें। खास बात यह है कि इस कॉकरोच को बाद में ज़ू में मौजूद मीरकैट जैसे जानवरों को खिलाया जाता है। इस पहल को लोग ब्रेकअप के बाद दिल की भड़ास निकालने और हल्के-फुल्के अंदाज़ में बदला लेने के रूप में देख रहे हैं।यह अनोखी पहल पहली बार वर्ष 2023 में शुरू की गई थी, जिसे लोगों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इसी लोकप्रियता को देखते हुए चिड़ियाघर ने इस साल वैलेंटाइन डे के मौके पर इसे दोबारा शुरू किया है। इस कैंपेन के तहत मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच, जो आकार में सामान्य कॉकरोच से बड़े होते हैं, उन्हें एक्स के नाम पर गोद लिया जा सकता है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चिड़ियाघर ने इसके लिए अलग-अलग पैकेज भी तय किए हैं। लगभग 50 ज़्लॉटी (करीब 1,290 रुपये) के पैकेज में कॉकरोच को नाम देने के साथ एक डिजिटल सर्टिफिकेट दिया जाता है। वहीं, 150 ज़्लॉटी (करीब 3,870 रुपये) के पैकेज में उस पल की फोटो भी शामिल होती है, जब कॉकरोच को मीरकैट को खिलाया जाता है। इसके अलावा 300 ज़्लॉटी (करीब 7,740 रुपये) का VIP पैकेज भी है, जिसमें व्यक्ति खुद चिड़ियाघर की निगरानी में कॉकरोच को मीरकैट को खिला सकता है।चिड़ियाघर प्रबंधन का कहना है कि यह पहल केवल मनोरंजन या मज़ाक तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे मिलने वाली राशि का उपयोग जानवरों की देखभाल और संरक्षण के लिए किया जाता है। यही वजह है कि लोग इसे न सिर्फ मज़ेदार बल्कि सामाजिक रूप से उपयोगी पहल भी मान रहे हैं।गौरतलब है कि ऐसा ट्रेंड सिर्फ पोलैंड तक सीमित नहीं है। अमेरिका का मशहूर ब्रॉन्क्स ज़ू भी वैलेंटाइन डे के मौके पर इसी तरह की पेशकश करता है, जहां लोग अपने एक्स या किसी खास व्यक्ति के नाम पर कॉकरोच का नाम रख सकते हैं। इस अनोखे कॉन्सेप्ट ने दुनियाभर में वैलेंटाइन डे को लेकर एक अलग ही चर्चा छेड़ दी है।
वैलेंटाइन डे पर टूटे दिलों के लिए पोलैंड के चिड़ियाघर का अनोखा ऑफर, सोशल मीडिया पर वायरल
