पटना/पूर्णिया।
बिहार की राजनीति में शुक्रवार रात उस वक्त जबरदस्त हलचल मच गई, जब पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी 31 वर्ष पुराने एक मामले में की गई है, जो वर्ष 1995 से जुड़ा हुआ है।पुलिस के अनुसार, आरोप है कि पप्पू यादव वर्ष 1995 में पटना के एक मकान में किराएदार के रूप में रहने गए थे, लेकिन बाद में उस मकान पर अवैध कब्जा कर लिया। बताया जाता है कि उन्होंने पहले उस किराए के मकान में अपना कार्यालय (दफ्तर) खोला और फिर उसे खाली नहीं किया।इस मामले को लेकर मकान मालिक ने उस समय एफआईआर दर्ज कराई थी, जो लंबे समय से न्यायालय में लंबित थी। अब कोर्ट के आदेश के आलोक में पटना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सांसद को गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। समर्थकों में नाराज़गी देखी जा रही है, वहीं विपक्ष इसे कानून का राज बता रहा है। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
