(हजारीबाग): चौपारण प्रखंड के दनुआ घाटी में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक अनियंत्रित ट्रेलर लगभग 60 फीट गहरी खाई में जा गिरा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि इस हादसे में ट्रेलर चालक की जान बच गई और वह गंभीर रूप से घायल होने से भी बच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर घाटी के घुमावदार रास्ते से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और ट्रेलर सड़क किनारे से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही चोरदाहा पिकेट प्रभारी नीतीश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार के लिए NHAI की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौपारण भेजा गया, जहां उसका इलाज किया गया।इधर दूसरी घटना जीटी रोड के सिंघरांवा क्षेत्र में हुई, जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। बताया जाता है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आवागमन भी प्रभावित हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से स्थिति को जल्द ही सामान्य कर दिया गया।
दनुआ घाटी में अनियंत्रित ट्रेलर 60 फीट गहरी खाई में गिरा, चालक सुरक्षित
