शादी में आ रही अड़चन बनी खूनी विवाद की वजह, प्रेमी ने विधवा महिला को मारी गोली

Advertisement


ग्वालियर के गोला का मंदिर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विधवा महिला को उसके ही प्रेमी ने घर में घुसकर गोली मार दी। घटना गोवर्धन कॉलोनी की है, जहां गोली लगने से गंभीर रूप से घायल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान जाह्नवी तोमर के रूप में हुई है। करीब छह महीने पहले जाह्नवी के पति का निधन हो गया था, जिससे वह विधवा हो गईं। पति के निधन के समय जाह्नवी की गोद में ढाई साल की मासूम बेटी थी। पति के गुजरने के लगभग दो महीने बाद जाह्नवी की जिंदगी में मोनू जोशी नामक युवक आया और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।



बताया जा रहा है कि दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन किसी कारणवश शादी में लगातार अड़चनें आ रही थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोनू जोशी इसी बात से नाराज था और इसी नाराजगी में उसने खौफनाक कदम उठा लिया।

घटना वाले दिन आरोपी मोनू जोशी जाह्नवी के घर पहुंचा और बातचीत के दौरान अचानक उसने तमंचा निकालकर जाह्नवी पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों की मदद से जाह्नवी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है।



घटना की सूचना मिलते ही गोला का मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शादी में आ रही अड़चन का कारण क्या था और आरोपी ने इस वारदात को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं मासूम बच्ची और घायल महिला को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं।

Amarnath Pathak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group