नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड की घोर लापरवाही एक युवक की जान ले बैठी। शुक्रवार देर रात जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गहरे गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय बैंक कर्मी कमल ध्यानी की मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क पर किए गए खुदाई कार्य के दौरान न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। अंधेरे में चलते समय कमल ध्यानी गड्ढे में गिर गए, जिससे मौके पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद वे पूरी रात पुलिस थानों के चक्कर काटते रहे, लेकिन समय पर न तो एंबुलेंस की सुविधा मिली और न ही त्वरित पुलिस सहायता। इलाज में देरी के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार (कॉन्ट्रैक्टर) के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस हादसे के बाद इलाके में लोगों में आक्रोश है और नगर एजेंसियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनकपुरी में जल बोर्ड की लापरवाही से युवक की मौत, गहरे गड्ढे में गिरकर बैंक कर्मी की जान गई
