कोडरमा। नगरपालिका निर्वाचन के तहत झुमरीतिलैया नगर परिषद, कोडरमा नगर पंचायत एवं डोमचांच नगर पंचायत क्षेत्र में दिनांक 23 फरवरी को होने वाले मतदान के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारी की गई है। इसी क्रम में पुराना पॉलिटेक्निक कॉलेज, बागीटांड स्थित डिस्पैच सेंटर से आज मतदान पदाधिकारियों एवं मतदान दल के कर्मियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए विधिवत रवाना किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मतदान कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि सभी मतदान पदाधिकारी पूर्ण सतर्कता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें।डिस्पैच सेंटर में मतदान सामग्री, मतपेटिका, मतपत्र सहित सभी आवश्यक सामग्रियों का सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से वितरण किया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सामग्रियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया गया। उन्होंने मतदान दलों को संबंधित पोलिंग पार्टी एवं पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित कर मतदान कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराने का निर्देश दिया। मतदान कर्मियों की सुरक्षा को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कलस्टर आधारित व्यवस्था के तहत भोजन, पेयजल, शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं चिकित्सीय दल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक एवं स्वतंत्र वातावरण में अपने मताधिकार का प्रयोग करें तथा लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त रवि जैन, अनुमंडल पदाधिकारी ओमप्रकाश मंडल, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रिंस गोडविन कुजुर समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
मतदान दलों को मतदान केंद्रों के लिए किया रवाना
