पत्रकार को पितृ शोक, क्षेत्र में शोक की लहर

Advertisement

विष्णुगढ़ : प्रखंड अंतर्गत हेठली बोदरा गांव के वरिष्ठ पत्रकार रंजीत पाठक के पिता व सोशलिस्ट पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता रहे राजेश्वर पाठक उर्फ बाबूलाल पाठक का बुधवार को तड़के लगभग 3:30 बजे निधन हो गया। वे 85 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।स्व. पाठक ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत सोशलिस्ट पार्टी के एक सक्रिय सिपाही के रूप में की थी। उन्होंने प्रख्यात समाजसेवी व पूर्व विधायक रमणिका गुप्ता के साथ लंबे समय तक कंधे से कंधा मिलाकर जनहित के कार्यों में योगदान दिया। बाद में वे भारतीय डाक विभाग से जुड़े और डाकघर चौथा में ग्रामीण डाक सेवक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। वे वर्ष 2007 में विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे।स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके ज्येष्ठ पुत्र रंजीत पाठक ने उन्हें मुखाग्नि दी। वे अपने पीछे पत्नी और चार पुत्रों समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।उनके अंतिम दर्शन के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और समाजसेवी उमड़ पड़े। श्रद्धांजलि देने वालों में बगोदर के पूर्व माले विधायक ​विनोद सिंह, जिप सदस्य व बगोदर भाजपा मंडल अध्यक्ष​ दुर्गेश कुमार, सरिया जिप सदस्य अनूप पांडे, खेतको मुखिया शालिग्राम प्रसाद, अलपिटो मुखिया विनोद रजक, विप्र समाज के विष्णुगढ़ प्रखंड अध्यक्ष रोहितानंद मिश्र,जेएलकेएम के बगोदर प्रखं अध्यक्ष प्रखंड उमेश महतो, सामाजिक कार्यकर्ता महेश मिश्रा, जिप सदस्य प्रतिनिधि माथुर प्रसाद, शशिभूषण, सुनील कुमार स्वर्णकार, गणेश पांडे, कुंजलाल साहू, भरत गुप्ता समेत कई गणमान्य लोगों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।राजेश्वर पाठक के निधन पर विष्णुगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष राजेंद्र दुबे सहित बगोदर और आसपास के पत्रकारों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। स्थानीय लोगों ने उन्हें एक मृदुभाषी और समर्पित समाजसेवी बताया।

Saahu Rohit

रोहित साहू, पत्रकारिता से स्नातक की पढ़ाई कर रहे हैं और अभी द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। हजारीबाग के बड़कागांव इलाके के रहने वाले हैं। पिछले 6 महीनों से जिले भर की खबरों को संकलित कर रहे हैं साथ ही साथ कॉपी एडिटर के कार्य भी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group