हजारीबाग में नशे के खिलाफ पुलिस की दोहरी बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, भारी मात्रा में विदेशी शराब भी जब्त

पुलिस ने नशे और अवैध तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता हासिल की है। एक ओर जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है, वहीं दूसरी ओर अवैध शराब तस्करी के प्रयास को भी नाकाम किया गया है। इन कार्रवाइयों से जिले में सक्रिय नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।पहली कार्रवाई के तहत कोर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने 166.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ सात तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 3 लाख 51 हजार 700 रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि नगवां हवाई अड्डा के समीप ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त होने वाली है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान नगवां हवाई अड्डा और काठी नेशन होटल के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास से सात युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे।

इस मामले में कोर्रा थाना कांड संख्या 17/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।दूसरी ओर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ की गई कार्रवाई में टाटीझरीया थाना क्षेत्र के बौधा जंगल से करीब 60 पेटी विदेशी शराब बरामद की गई है। इस मामले में एक पिकअप चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन को 30-31 जनवरी 2026 की रात करीब 12:35 बजे सूचना मिली थी कि बौधा जंगल के रास्ते अवैध शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस निरीक्षक जगलाल मुंडा और पुलिस निरीक्षक दारू अंचल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान बिना नंबर की पिकअप गाड़ी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन छोड़कर भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। तलाशी में पिकअप से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रामचन्द्र साव बताया। आरोपी के खिलाफ टाटीझरीया थाना कांड संख्या 11/26 के तहत बीएनएस की धाराओं और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार जब्त शराब झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी।गौरतलब है कि हजारीबाग पुलिस लगातार नशे के खिलाफ अभियान चला रही है। बीते दिनों जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अफीम, गांजा और अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है, साथ ही सैकड़ों एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को भी नष्ट किया गया है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हजारीबाग जिले में नशे और तस्करी के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *