रांची/पलामू। झारखंड के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल तक नई ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन रांची, लोहरदगा, टोरी, डाल्टनगंज, अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी, जिससे झारखंड के कई जिलों को सीधा लाभ मिलेगा।केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम को पत्र लिखकर इस नई ट्रेन की जानकारी दी है। पलामू को लखनऊ से जोड़ने की मांग सांसद ने लोकसभा में उठाई थी और इस संबंध में रेल मंत्री से कई बार मुलाकात भी की थी। उनकी पहल के बाद इस ट्रेन को मंजूरी मिली है।घोषणा के अनुसार, पुरुलिया-आनंद विहार ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित की जाएगी। इस ट्रेन के शुरू होने से पलामू और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिलेगी। विशेष रूप से लखनऊ स्थित पीजीआई में इलाज कराने जाने वाले मरीजों को सुविधा होगी। साथ ही वाराणसी और अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को भी सीधा संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।सांसद विष्णुदयाल राम ने इस नई ट्रेन की सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से पलामू क्षेत्र के लोग लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रहे थे, जो अब पूरी हो गई है। जल्द ही इस ट्रेन का परिचालन शुरू किए जाने की उम्मीद है।
झारखंड के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात, पुरुलिया से आनंद विहार तक नई ट्रेन की घोषणा
