बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की ओर से इंटरमीडिएट (12वीं) की वार्षिक परीक्षा आज यानी 2 फरवरी से शुरू हो गई है। यह परीक्षा 13 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा के सफल और सुचारु संचालन के लिए पूरे राज्य में 1762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 13.17 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।बोर्ड प्रशासन ने परीक्षा को कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त रखी गई है और सीसीटीवी कैमरों के साथ मजिस्ट्रेट व पुलिस बल की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही है।परीक्षार्थियों को निर्देश दिया गया है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले केंद्र पर पहुंच जाएं। एडमिट कार्ड और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य है। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी तरह की आपत्तिजनक सामग्री परीक्षा हॉल में ले जाना सख्त मना है। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बोर्ड ने छात्रों से अपील की है कि वे परीक्षा के दौरान शांति बनाए रखें, अनुशासन का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें। सही समय पर केंद्र पहुंचकर निर्देशों का पालन करने से परीक्षा बिना किसी परेशानी के संपन्न हो सकेगी।
बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा आज से शुरू, 13.17 लाख छात्र होंगे शामिल, इन बातों का रखें विशेष ध्यान
