सिंगापुर में 71 साल की एक महिला को कबूतरों को बार-बार खाना खिलाना महंगा पड़ गया। कोर्ट ने महिला पर 3,200 सिंगापुर डॉलर (करीब 2.27 लाख रुपये) का जुर्माना लगाया है। महिला पर आरोप है कि उसने चेतावनी और पहले की सजा के बावजूद जंगली पक्षियों को लगातार खाना खिलाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला ने वन्यजीव अधिनियम के तहत लगे चार आरोपों को स्वीकार कर लिया। बताया गया कि वह जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के बीच 9 अलग-अलग मौकों पर कबूतरों को अनाज और रोटी खिलाते हुए पकड़ी गई थी। अदालत में पेश वीडियो में महिला अपने फ्लैट के पास कबूतरों के झुंड को दाना खिलाती दिखाई दी।
यह पहली बार नहीं था जब महिला पर कार्रवाई हुई हो। इससे पहले मई 2025 में भी उस पर 1,200 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना लगाया गया था और उसने दोबारा ऐसा न करने का वादा किया था। लेकिन एक महीने के भीतर ही वह फिर कबूतरों को खाना खिलाते हुए पकड़ी गई।
कोर्ट में महिला ने बताया कि वह बेरोजगार है और उसके पास मेडिकल बीमा भी नहीं है। उसने जुर्माना कम करने और इसके बदले सामुदायिक सेवा करने की पेशकश की, लेकिन अदालत ने 3,200 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना बरकरार रखा। महिला ने कहा कि वह पूरी राशि तुरंत जमा कर देगी।
इस मामले ने सिंगापुर के सख्त नियमों और कानूनों को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी.
