चौपारण: प्रखंड क्षेत्र में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक जागरण और राष्ट्रीय चेतना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा चौपारण के सातों मंडलों में हिंदू सम्मेलन आयोजित करने की व्यापक तैयारी की जा रही है। यह सम्मेलन फरवरी माह में चरणबद्ध तरीके से सभी मंडलों में संपन्न होगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए संघ के घुमंतू प्रमुख अमित सिंह ने बताया कि हिंदू सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज को एक सूत्र में बांधना, आपसी सौहार्द को मजबूत करना और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर जनजागरण करना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के दौरान सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिससे समाज में सकारात्मक चेतना का संचार हो सके।
सम्मेलन में प्रबुद्धजन, समाजसेवी, शिक्षाविद, युवा, महिलाएं एवं वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विचार गोष्ठी तथा प्रेरणादायी संबोधन भी आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मंडल स्तर पर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
अमित सिंह ने बताया कि प्रत्येक मंडल में स्थानीय आवश्यकताओं और परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सम्मेलन का स्वरूप तय किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ सकें। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बढ़-चढ़कर भाग लें और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने में सहयोग करें। संघ की इस पहल को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
चौपारण में सातों मंडलों में होगा हिंदू सम्मेलन, तैयारियां शुरू
