न घोड़ी, न कार… बैलगाड़ी पर सवार होकर दुल्हन लेने पहुंचे दूल्हे राजा, अनोखी बारात बनी चर्चा का विषय

Advertisement

महोबा (उत्तर प्रदेश)।
उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में निकली एक अनोखी बारात इन दिनों लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां दूल्हा न घोड़ी पर सवार हुआ, न कार या हेलीकॉप्टर का सहारा लिया, बल्कि वह बैलगाड़ी पर सवार होकर अपनी दुल्हन को लेने ससुराल पहुंचा। इस अनोखे अंदाज को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
यह बारात दिलीप कुशवाहा की थी, जो कबरई ब्लॉक के ग्योडी गांव में अपनी दुल्हन को लेने बैलगाड़ी से पहुंचे। उनके साथ बाराती भी पारंपरिक अंदाज में नाचते-गाते दुल्हन के घर पहुंचे। पुरानी परंपराओं की झलक दिखाती इस बारात को देखकर गांव के लोग खासे उत्साहित नजर आए।
बताया जा रहा है कि दशकों पुरानी परंपरा को निभाते हुए दूल्हे ने यह कदम उठाया, जिसे लड़की पक्ष ने भी सराहा। शादी के बाद दुल्हन भी अपने दूल्हे के साथ खुशी-खुशी बैलगाड़ी पर सवार होकर ससुराल पहुंची।
इस अनोखी बारात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों को जीवित रखने की मिसाल बताते हुए जमकर सराहना कर रहे हैं। पूरे गांव में इस विवाह की चर्चा हो रही है और बड़ी संख्या में लोग बारात देखने के लिए सड़कों पर उतर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group