हजारीबाग: होली के दौरान घर से बाहर गए लोगों के सूने मकानों को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह मामला कोर्रा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर कॉलोनी का है, जहां चोरों ने ताला तोड़कर तीन घरों में चोरी कर ली। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रेम नगर कॉलोनी निवासी सविता कुमारी, जो स्वर्गीय वीरेंद्र कुमार राम की पत्नी हैं, उनके घर में चोरों ने घुसकर करीब 20 लाख रुपये के जेवरात और एक लाख रुपये नकद की चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि होली के कारण घर के लोग बाहर गए हुए थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।इसी कॉलोनी में अशोक कुमार मेहता के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से चोर अपाची बाइक, एलसीडी टीवी, करीब तीन लाख रुपये नकद और लगभग सात लाख रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गए। इसके अलावा दिलीप मेहता के घर में भी ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है।घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि घटना की सूचना देने के बावजूद अभी तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है।एक ही कॉलोनी में तीन घरों में हुई चोरी की इस घटना से इलाके के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोग जल्द से जल्द पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस के पहुंचने के बाद ही चोरी की कुल संपत्ति और अन्य तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आने की संभावना है।
होली में सूने घरों को बनाया निशाना, प्रेम नगर कॉलोनी में तीन घरों में लाखों की चोरी
