बरही में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत, मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे पांच छात्र घायल

Advertisement

बरही (हजारीबाग)।बरही थाना क्षेत्र के पंचमाधव स्थित जीटी रोड पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे पांच छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों से भरी एक मिनी बस परीक्षा केंद्र की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस ने सामने चल रहे एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बस में सवार पांच परीक्षार्थी घायल हो गए।मृतक की पहचान बरकट्ठा थाना क्षेत्र के चेचकपी गांव निवासी 55 वर्षीय जयप्रकाश मेहता के रूप में की गई है। बताया गया कि वे अपनी बाइक से नए घर रोमी जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।घायल सभी छात्र डॉ. भीमराव अंबेडकर पब्लिक स्कूल, मलकोको के हैं, जो मां विंध्यवासिनी बीएड कॉलेज, पदमा स्थित परीक्षा केंद्र पर मैट्रिक परीक्षा देने जा रहे थे। घायलों में खालिद राजा (16), जावेद अख्तर (16), फरहान राजा (17), इलियास आलम (15) और अमन पासवान (16) शामिल हैं। इनमें से तीन छात्र घायल हैं चिकित्सकों के अनुसार सभी खतरे से बाहर हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group