श्याम भक्त परिवार हजारीबाग द्वारा आज निकलेगी भव्य श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा, तैयारियां पूरी

Advertisement

नवनिर्मित मंदिर से पहली बार निकलेगी ऐतिहासिक फाल्गुन निशान यात्राहजारीबागश्याम भक्त परिवार हजारीबाग के द्वारा आयोजित होने वाली श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को लेकर समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पूरे शहर में आस्था, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। मंगलवार को यह भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा शहर की सड़कों पर श्याम नाम की गूंज के साथ निकलेगी। कार्यक्रम से एक दिन पूर्व सोमवार को आयोजन स्थल पर अत्यंत भक्तिमय दृश्य देखने को मिला। महिलाओं ने सामूहिक रूप से प्रभु श्री श्याम के पावन निशान की विधिवत रूप से उसकी सज्जा का कार्य किया। प्रभु श्री श्याम के मधुर भजनों को गुनगुनाते हुए महिलाएं पूरी श्रद्धा और समर्पण भाव से निशान को सजा रही थीं। हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा और जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गूंजायमान हो उठा। मोर पंख, गेंदा फूल, रंगीन वस्त्र एवं आकर्षक सजावटी सामग्री से निशान को भव्य और मनोहारी स्वरूप प्रदान किया गया। भक्ति में लीन महिलाओं के चेहरों पर उत्साह और आस्था की चमक स्पष्ट झलक रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा वातावरण श्याममय हो उठा हो। वहीं दूसरी ओर आयोजक मंडली के सदस्य भी कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु अंतिम तैयारियों में जुटे रहे। शोभायात्रा की सुसज्जित रथ की तैयारी, झांकियों की व्यवस्था, ध्वनि विस्तारक यंत्र, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। आयोजक मंडली के सदस्यों ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्याम फाल्गुन निशान ध्वज शोभायात्रा को ऐतिहासिक और यादगार बनाने का हमारा संकल्प है। विशेष प्रसन्नता की बात है कि इस बार यात्रा नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से निकाली जा रही है, जो सभी श्याम भक्तों के लिए गर्व और आस्था का विषय है। हम सभी शहरवासियों से आग्रह करते हैं कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस धार्मिक महोत्सव को सफल बनाएं और प्रभु श्री श्याम का आशीर्वाद प्राप्त करें। आयोजकों के अनुसार प्रातः 9:00 बजे नवनिर्मित श्री श्याम मंदिर से विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत शोभायात्रा प्रारंभ होगी। सुसज्जित रथ पर विराजमान प्रभु श्री श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों एवं मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर प्रांगण में पहुंचकर संपन्न होगी। श्याम भक्त परिवार हजारीबाग ने समस्त श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस भव्य आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group