बांका:बिहार के बांका जिले से एक अनोखी और समाज की परंपराओं को तोड़ने वाली शादी सामने आई है। शंभुगंज प्रखंड के विरनौधा गांव में प्रेमिका खुद बारात लेकर अपने प्रेमी के घर पहुंच गई और गांव वालों की मौजूदगी में दोनों की शादी संपन्न कराई गई। यह विवाह इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे प्रेम व साहस की मिसाल माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार, रानी कुमारी और शिवम कुमार एक-दूसरे से प्रेम करते थे, लेकिन दोनों के परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। जब काफी समय तक बात नहीं बनी तो रानी कुमारी ने खुद पहल करते हुए बड़ा फैसला लिया। वह गांववालों को साथ लेकर ढोल-नगाड़ों के साथ अपने प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई।अचानक इस तरह की स्थिति देख दोनों परिवारों में पहले तो तनाव की स्थिति बन गई, लेकिन गांव के बुजुर्गों और सामाजिक लोगों ने समझदारी दिखाई। उन्होंने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत कराई और प्रेमी जोड़े की इच्छा को देखते हुए शादी कराने का फैसला लिया।इसके बाद गांव में ही पूरे रीति-रिवाज के साथ रानी और शिवम की शादी कराई गई। शादी के दौरान गांव के लोग गवाह बने और नवदंपती को आशीर्वाद दिया। इस अनोखी शादी की चर्चा अब आसपास के इलाकों में भी हो रही है।ग्रामीणों का कहना है कि यह शादी समाज में बदलते सोच की मिसाल है, जहां अब लड़कियां अपने फैसले खुद लेने लगी हैं। वहीं यह घटना प्रेम, साहस और सामाजिक समझदारी का प्रतीक बन गई है।
प्रेमिका खुद बारात लेकर पहुंची अपने प्रेमी के घर
