
कुशीनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ वैवाहिक जीवन खौफनाक अंजाम तक पहुंच गया। तरयासुजान थाना क्षेत्र के बढ़ई टोला में घरेलू विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि पति ने पहले पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से आपसी शक और रोज़ाना के झगड़े चल रहे थे। मंगलवार की रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आकर पति ने पत्नी का गला रेत दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी पति ने उसी कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।.सुबह जब आसपास के लोगों को घर से कोई हलचल नहीं दिखी तो उन्होंने दरवाजा खटखटाया। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद का लग रहा है। प्रेम विवाह के बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बना हुआ था। आसपास के लोगों के अनुसार, पति को पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसको लेकर अक्सर झगड़े होते थे। इसी शक ने आखिरकार दो जिंदगियों को खत्म कर दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, पारिवारिक बयान और पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर घटना की पूरी कड़ी जोड़ी जा रही है।इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि प्यार से शुरू हुआ रिश्ता इस हद तक कैसे पहुंच गया।
