
मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल)।
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के फरक्का ब्लॉक में SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर हालात लगातार तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। SIR के नाम पर आम लोगों को परेशान किए जाने के आरोपों के बीच फरक्का ब्लॉक के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) ने एक साथ सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। यह इस्तीफा बुधवार सुबह फरक्का ब्लॉक इलेक्शन ऑफिसर (ERO) को सौंपा गया। सूत्रों के अनुसार, करीब 50 BLO ने अपने पद से त्यागपत्र दिया है। BLO का आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से बिना किसी स्पष्ट और ठोस दिशा-निर्देश के बार-बार आदेश बदले जा रहे हैं, जो अधिकांशतः व्हाट्सऐप के जरिए भेजे जाते हैं। इससे न सिर्फ BLO पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, बल्कि आम नागरिकों में भी भ्रम और नाराजगी बढ़ रही है। BLO का कहना है कि शुरुआत में उन्हें बताया गया था कि केवल फॉर्म भरने से ही SIR प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। लेकिन बाद में अचानक सुनवाई के नाम पर लोगों को बार-बार फोन कर बुलाया जाने लगा, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। कई लोग इसे अनावश्यक उत्पीड़न बता रहे हैं। इस्तीफा देने वाले BLO का यह भी आरोप है कि लगातार बदलते निर्देशों के कारण वे जनता के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहे थे, जिससे स्थानीय स्तर पर विरोध और तनाव की स्थिति बन गई। BLO ने स्पष्ट किया कि जब तक SIR प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट, लिखित और स्थायी दिशा-निर्देश नहीं दिए जाते, तब तक इस तरह से काम करना संभव नहीं है। इस सामूहिक इस्तीफे के बाद फरक्का ब्लॉक में चुनावी प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को लेकर जिला प्रशासन और चुनाव आयोग की ओर से स्थिति संभालने की कोशिशें जारी हैं। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि BLO के इस्तीफों पर विचार किया जा रहा है और जल्द ही इस मुद्दे पर कोई निर्णय लिया जा सकता है।
