हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र में नशाखोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर के साथ तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से नशीला पदार्थ, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल तराजू भी बरामद किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि दारू थाना क्षेत्र के मेढ़कुरी खुर्द स्थित बलबल धाम के पास कुछ लोग अवैध नशीले पदार्थ का सेवन और उसकी खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वैद्यनाथ प्रसाद के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत कुमार, दारू थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक मिथु मुर्मू सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।छापामारी टीम जब बलबल धाम मेढ़कुरी खुर्द पहुंची तो वहां कुछ लोग जमा होकर बैठे हुए थे। पुलिस वाहन को देखते ही वे लोग भागने लगे। पुलिस बल ने खदेड़कर तीन लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम चंदन कुमार मेहता उर्फ जोधन मेहता (ग्राम घाघरा, थाना दारू), शान कुमार राज उर्फ चिकु (ग्राम जमुआरी, थाना ईचाक) और मनोज कुमार (ग्राम बुजर्गनानो, थाना आंगो) बताया। वहीं फरार आरोपी की पहचान कौशिक देव (ग्राम पुनाई, थाना दारू) के रूप में हुई है।पुलिस ने तीनों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 3.43 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ, 1900 रुपये नकद, दो इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल तराजू और नशे के उपयोग में लाए गए मुड़े हुए नोट बरामद किए। इसके अलावा एक बीड़ी का पैकेट भी जब्त किया गया।इस मामले में दारू थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(b), 22(b), 27(a) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
दारू थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
