दिल का दौरा पड़ने से अंचल सहायक का निधन

Advertisement

चतरा :  जिले के मयूरहंड अंचल कार्यालय में कार्यरत अंचल सहायक मदन तिवारी का निधन हो गया। उनका निधन दिल का दौरा पड़ने के कारण हुआ। यह घटना उस समय घटी जब वे अपने सरकारी आवास में रोज की तरह आराम कर रहे थे। उनके साथ रहने वाले आदेश पाल, जो प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ ड्यूटी पर थे, काम से लौटकर जब आवास पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद पाया। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आदेश पाल ने तत्काल इस घटना की जानकारी अपने पदाधिकारी और मदन तिवारी के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन रात में ही मयूरहंड पहुंचे। दरवाजा तोड़कर जब मदन तिवारी को बाहर निकाला गया, तो उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए ले जाया गया। लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद घटना के बाद मयूरहंड थाना प्रभारी अमित कुमार ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा भेज दिया। मदन तिवारी की असमय मौत से प्रखंड और अंचल कार्यालय में शोक की लहर दौड़ गई। बीडीओ सह सीओ मनीष कुमार और अन्य कर्मियों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके साथ ही अंचल कार्यालय ने उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर एक दिन का अवकाश रखा।

मदन तिवारी के आकस्मिक निधन ने सहकर्मियों और परिजनों को गहरे शोक में डाल दिया है। उनके निधन से कार्यालय के सभी कर्मी मर्माहत हैं।

Om prakash kumar

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group