विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली का जलवा, माइकल बेवन का 18 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

Advertisement


नई दिल्ली।
मौजूदा दौर के महान बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से सुर्खियों में हैं। विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की ओर से खेलते हुए कोहली ने शुक्रवार को गुजरात के खिलाफ 61 गेंदों पर 77 रनों की बेहतरीन पारी खेली। इस पारी के साथ ही कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज माइकल बेवन का दशकों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। बीसीसीआई के निर्देश के बाद टीम इंडिया के कई सीनियर खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में खेलते नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में विराट कोहली के साथ रोहित शर्मा और ऋषभ पंत भी विजय हजारे ट्रॉफी में हिस्सा ले रहे हैं। ऋषभ पंत दिल्ली टीम की कप्तानी कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में ही विराट कोहली मैदान पर उतर रहे हैं।


गुजरात के खिलाफ इस पारी के बाद विराट कोहली का लिस्ट-ए क्रिकेट में औसत 57.87 हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने कम से कम 5000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा लिस्ट-ए औसत का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड माइकल बेवन के नाम था, जिनका औसत 57.86 रहा था। बेवन ने 2007 में क्रिकेट से संन्यास लिया था और लगभग दो दशक तक उनका यह रिकॉर्ड अटूट रहा।


कोहली की तुलना अक्सर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर से की जाती है, जिसकी वजह उनकी निरंतरता और तेज रन बनाने की क्षमता है। हालिया प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि विराट कोहली विश्व क्रिकेट के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। गौरतलब है कि इससे पहले कोहली ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ भी शानदार शतक जड़ा था। उस मैच में उन्होंने 101 गेंदों पर 14 चौके और तीन छक्कों की मदद से 131 रनों की दमदार पारी खेली थी। विजय हजारे ट्रॉफी में उनका यह फॉर्म भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Amarnath Pathak

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp  Join group